ऋषिकेश , जुलाई, 28 -- उत्तराखंड के ऋषिकेश में श्रावण कांवड़ मेले के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने बजरंग सेतु पर मंगलवार को विशेष सुरक्षा इंतजाम किए। पुल के आकर्षण का केंद्र रहे ग्लास पथ को पूरी तरह टीन की चादरों से ढक दिया गया है, ताकि भीड़ के दबाव के बीच किसी भी तरह की दुर्घटना या अप्रिय स्थिति से बचा जा सके। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लोक निर्माण विभाग के 18 कर्मचारियों के साथ पुलिस बल की भी चौबीसों घंटे तैनाती की गई है।
लोक निर्माण विभाग के अधिकारी प्रवीण कर्णवाल ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ इसी पुल से होकर गुजरती है। इसे देखते हुए कांच वाले हिस्से को दोनों ओर से पूरी तरह कवर कर दिया गया है, जिससे अब श्रद्धालुओं को ग्लास पाथ दिखाई नहीं देगा। पुल पर पहले से तैनात विभागीय गार्डों के अलावा पुलिस भी लगातार निगरानी कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित