हरिद्वार , जुलाई, 20 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में कांवड़ मेला-2026 के दौरान श्रद्धालुओं को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने सोमवार को जिले के विभिन्न कांवड़ मार्गों पर सघन निरीक्षण अभियान चलाया। अभियान के तहत गठित तीन टीमों ने कुल 43 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान बिना फूड लाइसेंस संचालित पाए गए नौ प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किए गए, जबकि दही, दूध, खाद्य तेल, सरसों का तेल, चॉकलेट और बेवरेज सहित छह खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।
खाद्य सुरक्षा आयुक्त विनय शंकर पाण्डेय एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर बहादराबाद-धनौरी कांवड़ पटरी मार्ग, भूपतवाला तथा भगवानपुर-गागलहेड़ी मार्ग पर स्थित स्थायी और अस्थायी ढाबों, भोजनालयों, रेस्तरां, होटलों तथा खाद्य स्टॉलों का निरीक्षण किया गया।
जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महीमनन्द जोशी के नेतृत्व में पहली टीम ने बहादराबाद से धनौरी कांवड़ पटरी मार्ग पर 16 प्रतिष्ठानों की जांच की। इनमें नौ प्रतिष्ठानों के पास फूड लाइसेंस एवं आवश्यक अभिलेख नहीं पाए गए। विभाग ने संबंधित संचालकों को नोटिस जारी कर दो दिन के भीतर फूड लाइसेंस बनवाकर प्रतिष्ठान पर प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। साथ ही रेट सूची प्रदर्शित करने, बासी भोजन का विक्रय नहीं करने, खाद्य सामग्री को ढककर रखने तथा स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए। इस दौरान दही, दूध और खाद्य तेल के तीन नमूने जांच के लिए लिए गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित