हरिद्वार , जुलाई, 17 -- आगामी कांवड़ मेले के सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं निर्बाध संचालन को लेकर शुक्रवार को हरिद्वार स्थित मेला नियंत्रण भवन सभागार में अंतर्राज्यीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में हुई बैठक में उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और हिमाचल प्रदेश के वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक में कांवड़ यात्रा के दौरान बाधा रहित यातायात व्यवस्था, कांवड़ पटरी की सुरक्षा, शिवभक्तों की सुगम आवाजाही तथा राज्यों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इस मौके पर अधिकारियों ने विभिन्न राज्यों के अनुभवों को साझा करते हुए सुरक्षा और व्यवस्थाओं को और प्रभावी बनाने पर विचार-विमर्श किया।

इस दौरान आवश्यकता पड़ने पर भीड़ नियंत्रण के लिए त्वरित निर्णय प्रणाली और मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) को प्रभावी ढंग से लागू करने पर भी चर्चा हुई। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, चिकित्सा शिविर, शौचालय, विश्राम छावनियों तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं को पर्याप्त और सुदृढ़ बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित