हरिद्वार , जुलाई 24 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में कांवड़ मेले को सुगम, सुव्यवस्थित और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा अवैध अतिक्रमण के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में शुक्रवार को नगर मजिस्ट्रेट हर गिरी के नेतृत्व में चमगादड़ टापू क्षेत्र में व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान प्रशासनिक एवं संबंधित विभागों की संयुक्त टीम ने सड़क, सार्वजनिक मार्गों और अन्य स्थानों पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाकर क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराया। अधिकारियों ने कहा कि कांवड़ मेले के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए किसी भी प्रकार का अतिक्रमण यातायात व्यवस्था और सुरक्षा के लिए बाधा बन सकता है, इसलिए ऐसे मामलों में लगातार कार्रवाई की जा रही है।

नगर मजिस्ट्रेट हर गिरी ने बताया कि मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुचारु यातायात और आपातकालीन सेवाओं के निर्बाध संचालन को प्राथमिकता देते हुए अभियान आगे भी जारी रहेगा। प्रशासन ने लोगों से सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण न करने और मेले की व्यवस्थाओं में सहयोग करने की अपील की है।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कांवड़ मेले के सफल एवं सुरक्षित आयोजन के लिए पूरे मेला क्षेत्र में नियमित निगरानी रखी जा रही है तथा जहां भी अवैध अतिक्रमण मिलेगा, वहां तत्काल कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित