पिथौरागढ़ , जुलाई 30 -- सोशल मीडिया पर पुलिस वर्दी में आपत्तिजनक और भड़काऊ पोस्ट करना एक आरक्षी को भारी पड़ गया। उत्तराखंड में पिथौरागढ़ पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरक्षी अमित कुमार को गुरुवार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही उसके विरुद्ध विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।
पिथौरागढ़ पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार आरक्षी अमित कुमार को विगत 23 जुलाई को कांवड़ मेला ड्यूटी के लिए हरिद्वार भेजा गया था। जांच में पाया गया कि आरोपी ने 30 जुलाई को पुलिस वर्दी में सोशल मीडिया पर एक आपत्तिजनक वीडियो प्रसारित किया, जो विभागीय मर्यादा, निष्पक्षता और पुलिस कर्मियों के अपेक्षित आचरण के विपरीत है।
प्रथम दृष्टया यह कृत्य सोशल मीडिया नीति, उत्तराखंड सरकारी सेवक आचरण नियमावली-2002 तथा पुलिस अधिनियम-2007 के प्रावधानों का उल्लंघन पाया गया। बताया जा रहा है कि संबंधित आरक्षी को कुछ समय पहले शिकायत के आधार पर रुद्रप्रयाग से पिथौरागढ़ स्थानांतरण किया गया था। उसके खिलाफ अनुशासनहीनता, ड्यूटी में लापरवाही और विभागीय निर्देशों की अवहेलना के मामलों में पहले भी आवश्यक कार्रवाई की जा चुकी है तथा उसे दंडित किया जा चुका है।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए आरक्षी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि पुलिस बल में अनुशासन, निष्पक्षता और सेवा आचरण सर्वोपरि हैं तथा इनका उल्लंघन करने वाले किसी भी कार्मिक के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित