जौनपुर , जुलाई 29 -- उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री तथा जौनपुर के प्रभारी मंत्री ए.के. शर्मा ने कांवड़ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि कांवड़ मार्गों पर लटकते बिजली के तारों को तत्काल हटाया जाए तथा विद्युत लाइनों और पोलों का निरीक्षण कर सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाएं।
मंगलवार देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित प्रशासनिक समन्वय समिति एवं विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में प्रभारी मंत्री ने जनप्रतिनिधियों और जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ बरसात, श्रावण मास में आयोजित होने वाली कांवड़ यात्रा तथा विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने जनहित से जुड़े सभी कार्य समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और प्राथमिकता के आधार पर पूरे कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने लोक निर्माण विभाग को वर्षा से क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए। नगर निकायों को जलभराव की समस्या के प्रभावी समाधान, नालों-नालियों की नियमित सफाई तथा संचारी रोगों की रोकथाम के लिए व्यापक स्वच्छता अभियान, फॉगिंग और एंटी-लार्वा छिड़काव संचालित करने को कहा।
कांवड़ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने कांवड़ मार्गों पर स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्युत विभाग से कहा कि संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरती जाए और कहीं भी लटकते बिजली के तार न रहें, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना की आशंका न हो। साथ ही किसानों को निर्धारित रोस्टर के अनुसार निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
बैठक में उन्होंने उप कृषि निदेशक से उर्वरकों की उपलब्धता की जानकारी ली तथा मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को शत-प्रतिशत पशुओं का टीकाकरण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। अधिशासी अभियंता सिंचाई को नहरों के टेल तक पर्याप्त पानी पहुंचाने तथा स्वास्थ्य विभाग को चिकित्सकों की कमी वाले स्वास्थ्य केंद्रों पर आवश्यक चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।
प्रभारी मंत्री ने सभी कार्यदायी संस्थाओं को विकास एवं निर्माण कार्यों में तेजी लाने और गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक उनका लाभ पहुंचाया जाए।
बैठक में विधायक डॉ. आर.के. पटेल, पूर्व विधायक हरेंद्र प्रसाद सिंह, पूर्व गृह राज्य मंत्री कृपा शंकर सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति, जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन., पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह, मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, उप जिलाधिकारी सदर योगिता सिंह सहित जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित