हरिद्वार, जनवरी 30 -- उत्तराखंड के जनपद हरिद्वार में कांवड़ पटरी मार्ग पर बढ़ते अतिक्रमण को लेकर जिलाधिकारी ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री के निर्देशों की कड़ी में जिलाधिकारी ने शुक्रवार को सिंहद्वार से पुल जटवाड़ा तक कांवड़ पटरी मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर अतिक्रमण की स्थिति का जायजा लिया और नगर निगम के अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सिंहद्वार पुल एवं कांवड़ पटरी मार्ग के आसपास अवैध रूप से लगाई गई फड़-ठेलियों एवं अस्थायी दुकानों पर जिलाधिकारी ने नाराज़गी व्यक्त करते हुए इन्हें तत्काल हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ पटरी मार्ग श्रद्धालुओं के लिए एक महत्वपूर्ण एवं वैकल्पिक मार्ग है, जिस पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए बाधक है।
जिलाधिकारी ने नगर निगम अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र में निरंतर निगरानी रखी जाए, ताकि हटाए गए अतिक्रमण की पुनरावृत्ति न हो सके। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी व्यक्ति द्वारा दोबारा अतिक्रमण किया जाता है तो उसके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इसके साथ ही जिलाधिकारी ने कांवड़ पटरी मार्ग के आसपास साफ-सफाई एवं मार्ग दुरुस्तीकरण के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि अतिक्रमण-मुक्त, स्वच्छ एवं व्यवस्थित वातावरण तैयार किया जा सके। उन्होंने कहा कि हरिद्वार आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को सुगम एवं सुरक्षित आवागमन उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित