देहरादून , जनवरी 29 -- कांग्रेस संगठित होकर उत्तराखंड के ज्वलंत मुद्दों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने जा रही है।
प्रदेश कांग्रेस ने गुरुवार को एकजुट होकर जिला स्तर पर फरवरी के दूसरे सप्ताह से हल्ला बोल कार्यक्रम शुरू करने का एलान किया है। इसकी शुरुआत 16 फरवरी को राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह के आवास घेराव करने की घोषणा की है।
दिल्ली इंदिरा भवन में कांग्रेस की लंबी बैठक के बाद आज प्रदेश कांग्रेस के सभी शीर्ष नेता देहरादून लौट आए हैं।
वही पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों से बात करते हुए कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि दिल्ली में हुई बैठक में प्रदेश की वर्तमान स्थिति और भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के विषय में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और अन्य पदाधिकारियों को अवगत कराया गया।
उन्होंने कहा कि भाजपा की भ्रष्ट सरकार को उखाड़ फेंकने तक कांग्रेस अब संघर्ष करेगी।
नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार ने भ्रष्टाचार के तमाम रिकार्ड ध्वस्त कर दिए हैं। प्रदेश में शराब, भू एवं खनन माफिया पूरी तरह से हावी है। महिला अपराध में प्रदेश नंबर एक पर है। उन्होंने कहा कि अब जनता को साथ लेकर कांग्रेस आंदोलन करेगी।
कांग्रेस पार्टी की चुनाव चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत ने कहा कि कांग्रेस अब प्रदेश और जिला स्तर पर आंदोलन की तैयारी कर रही है और अगले तीन माह में जन मुद्दों को लेकर बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे।
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कांग्रेस को एकजुट होकर भाजपा की नीतियों के खिलाफ संघर्ष का एलान किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित