यमुनानगर , अक्टूबर 27 -- पूर्व कैबिनेट मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने कहा है कि भारत लोकतांत्रिक देश है, यहां जनता जिसे चाहेगी, वही जीतेगा। कांग्रेस अपनी नाकामी छुपाने के लिए वोट चोरी, एसआईआर और ईवीएम का बहाना बना रही है।
छछरौली में लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान के तहत आयोजित आज जगाधरी विधानसभा स्तरीय प्रबुद्ध जन संगोष्ठी में उन्होंने कहा कि कांग्रेस के केन्द्र में शासन करने के दौरान भी उत्तर प्रदेश ,पश्चिम बंगाल, ओडिशा, बिहार, त्रिपुरा और तमिलनाडु में 20-30 साल तक लगातार चुनाव हारी है।
श्री गुर्जर ने कहा कि कुछ लोग देश को बंगलादेश जैसे हालात की ओर ले जाना चाहते हैं। कांग्रेस आज भी राजा जैसी मानसिकता से बाहर नहीं आई है। उन्होंने मंच से आइसा की अध्यक्ष नेहा बोरा और काकरोच जनता पार्टी के अध्यक्षअभिजीत दीपके का नाम लेते हुए विपक्ष पर निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस कह रही है कि 13 करोड़ लोगों के नाम मतदाता सूची से काटे गए हैं। उन्होंने चुनौती दी कि कांग्रेस13 लोगों को ही सामने लाकर बता दे, जिनके वोट काटे गये हैं, उनके पास कोई प्रमाण नहीं है।
उन्होंने कहा कि अगर चुनाव आयोग, एसआईआर और ईवीएम गलत हैं तो विपक्ष हिमाचल, झारखंड, कर्नाटक, केरल और पंजाब में विधानसभा चुनाव कैसे जीता? कांग्रेस के लोकसभा सांसद कैसे जीते? उन्होंने कहा कि देश प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और प्रदेश में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सुरक्षित है। जनता कांग्रेस के परिवारवाद और भ्रष्टाचार से मुक्त रहना चाहती है।
कार्यक्रम में भाजयुमो जिलाध्यक्ष निश्चल चौधरी, जिला महामंत्री प्रवीण खदरी, मंडल अध्यक्ष गौरव गोयल, प्रियंक शर्मा, कृष्ण खदरी, अमित चौधरी, चेयरमैन विपुल गर्ग, कैलाश चंद शर्मा, जिला उपाध्यक्ष रामपाल सिंह, मीडिया प्रभारी कपिल मनीष गर्ग सहित कई प्रबुद्धजन, व्यापारी, अधिवक्ता, किसान और सरपंच मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित