चंडीगढ़ , फ़रवरी 28 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने शनिवार को कहा कि जिस तरह कांग्रेस नेता राहुल गांधी को पंजाब आकर अपने ही नेताओं को सार्वजनिक रूप से नसीहत देनी पड़ी, उससे यह साबित होता है कि पार्टी हाईकमान अपना प्रभाव खो चुका है और प्रदेश नेतृत्व बेलगाम हो चुका है।

इस संबंध में सोशल मीडिया पर साझा किये गये एक संदेश में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने लिखा, " आप चाहे कितने भी बड़े क्यों न हों, टीम प्लेयर बनिए, नहीं तो खरगे जी (कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे) और मैं आपको ठीक कर दू्ंगा।"उन्होंने कहा कि यह वाक्य आज बरनाला में हुई कांग्रेस रैली के उद्देश्य को पूरी तरह स्पष्ट करता है। वहां न तो पंजाब के लिए कोई एजेंडा था और न ही किसानों या मज़दूरों से जुड़े मुद्दों पर कोई चर्चा हुई। इसके बजाय, यह पहले से ही अप्रभावी हो चुके कांग्रेस हाईकमान की ओर से श्री गांधी की एक बेबसी भरी कोशिश थी, जिसके ज़रिये उपरोक्त चेतावनी देकर पंजाब की बिखरी हुई प्रदेश नेतृत्व को सार्वजनिक रूप से अपमानित कर एकजुट करने की कोशिश की गयी, लेकिन ऐसा करते हुए श्री गांधी ने न केवल प्रदेश नेतृत्व को सार्वजनिक हंसी का पात्र बनाया, बल्कि अपनी ही कमजोर नेतृत्व क्षमता को भी उजागर कर दिया।

श्री जाखड़ ने कहा कि जो बात बंद कमरे में समझाई जा सकती थी, उसके लिए कांग्रेस को रैली करनी पड़ी और सार्वजनिक रूप से अपने ही प्रदेश नेताओं की क्लास लगानी पड़ी। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति इसलिए पैदा हुई है, क्योंकि कांग्रेस हाईकमान पार्टी की राज्य इकाइयों पर अपना नियंत्रण खो चुकी है। दूसरी ओर, आज शेलर एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने श्री जाखड़ से मुलाकात कर उनका धन्यवाद किया, जिन्होंने एसोसिएशन के साथ मिलकर केंद्रीय खाद्य आपूर्ति मंत्री श्री प्रह्लाद जोशी के समक्ष फोर्टिफाइड चावल का मुद्दा उठाया था।

इस अवसर पर श्री जाखड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार हमेशा किसानों और किसानों से जुड़े पक्षों के मुद्दों को हल करने के लिए तत्पर रहती है। उन्होंने कहा कि शेलर उद्योग की मुख्य मांग पूरी होने का सीधा लाभ किसानों को ही मिलेगा, क्योंकि किसानों द्वारा पैदा किये गये धान की शेलिंग इसी उद्योग द्वारा की जाती है।

उन्होंने कहा कि आढ़तिया एसोसिएशन की मांगों को भी केंद्र सरकार के समक्ष उठाया जा चुका है और उम्मीद है कि जल्द ही उनका भी सार्थक समाधान निकलेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित