सहारनपुर , अक्टूबर 23 -- कांग्रेस सांसद गुरजीत सिंह औजला और सहारनपुर के सांसद इमरान मसूद ने मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों को लेकर भाजपा और चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

शुक्रवार को जिला कांग्रेस कार्यालय में 'वोट बचाओ-देश बचाओ' अभियान के तहत आयोजित प्रेसवार्ता में दोनों सांसदों ने आरोप लगाया कि मतदाता सूचियों में बड़े पैमाने पर बदलाव कर चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा वोट चोरी के जरिए सरकारें बना रही है और विपक्ष को पीछे धकेला जा रहा है।

पंजाब के अमृतसर से सांसद गुरजीत सिंह औजला ने कहा कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे लगातार चुनाव में हेराफेरी का मुद्दा उठा रहे हैं, लेकिन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस पर चुप्पी साधे हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग के जवाब देने से बचने पर भाजपा सरकार उसके बचाव में सामने आ जाती है।

औजला ने कहा कि चुनाव आयोग की कथित अनियमितताओं से लोकतंत्र की निष्पक्षता पर सवाल उठ रहे हैं और मतदान के माध्यम से जनता की वास्तविक इच्छा सामने नहीं आ पा रही है। उन्होंने दावा किया कि इसी कारण छात्र, युवा, सामाजिक संगठन और गैर-भाजपा दल आंदोलन तथा प्रदर्शन करने को मजबूर हैं। उन्होंने शांतिपूर्ण आंदोलनों को भी बेरहमी से कुचले जाने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस देशभर में 'वोट बचाओ-देश बचाओ' अभियान चला रही है। सहारनपुर में भी मतदाता सूचियों में बड़े पैमाने पर गड़बड़ियां होने का आरोप लगाते हुए उन्होंने पीलीभीत में प्रशासनिक जांच के दौरान सामने आई अनियमितताओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि वहां कुछ अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई भी हुई है। उनके अनुसार, इससे चुनाव वाले राज्यों में मतदाता सूची से नाम काटने और नए नाम जोड़ने की शिकायतों की गंभीरता का पता चलता है।

औजला ने बताया कि कांग्रेस एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में विशाल रैली आयोजित करेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी महंगाई, बेरोजगारी और पेपर लीक जैसे मुद्दों को लेकर आंदोलन कर रही है। उन्होंने भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर संवैधानिक तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं पर नियंत्रण स्थापित करने का आरोप लगाते हुए कहा कि इससे संस्थाओं की निष्पक्षता और शुचिता प्रभावित हो रही है।

कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा कि पार्टी वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन करके उतरेगी। उन्होंने बताया कि कांग्रेस चुनाव लड़ने वाली सीटों का चयन कर रही है। जल्द ही पार्टी का शीर्ष नेतृत्व सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ बैठक कर सीटों के बंटवारे को अंतिम रूप देगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित