नयी दिल्ली , अक्टूबर 14 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष रूप कुमारी चौधरी के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को कांग्रेस सांसद अंगोमचा बिमोल अकोइजम के खिलाफ लगे दुष्कर्म के आरोप को लेकर महिला आयोग से मुलाकात की और उन्हें ज्ञापने सौंपा।
भाजपा महिला मोर्चा की ओर से सौंपे गये ज्ञापन में श्री अकोइजम पर जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) की 11 छात्राओं का यौन उत्पीड़न करने का आरोप लगाया गया है। भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि जेएनयू की आंतरिक समिति की जांच में श्री अकोइजम के खिलाफ लगाए गए आरोप सही पाए गए और उन्हें जेएनयू में प्रोफेसर के पद से हटा दिया गया, लेकिन कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने अभी तक उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा, "अब कांग्रेस नेतृत्व को अपनी चुप्पी तोड़कर कार्रवाई करनी होगी। हमारी बेटियों की सुरक्षा और सम्मान से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। जब तक न्याय नहीं मिलता, भाजपा चुप नहीं बैठेगी!"श्रीमती चौधरी ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा, "हमने आज राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) की अध्यक्ष से मुलाकात की। इस दौरान पांच सांसद और महिला मोर्चा के पदाधिकारी भी मौजूद थे। हमने उनसे जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में हाल ही में हुई घटना का संज्ञान लेने का आग्रह किया। यह मामला मणिपुर से कांग्रेस सांसद एवं जेएनयू के पूर्व प्रोफेसर डॉ. बिमोल अकोइजम से जुड़ा है।"उन्होंने कहा कि ग्यारह छात्राओं ने उनके कथित दुर्व्यवहार के खिलाफ लिखित शिकायतें देकर बहुत साहस दिखाया था। विश्वविद्यालय की आंतरिक समिति ने जांच के बाद इन शिकायतों को सही पाया। उन्हें विश्वविद्यालय से बर्खास्त कर दिया गया है, लेकिन कांग्रेस पार्टी और उसके नेताओं ने इस मामले में अब तक एक शब्द भी नहीं कहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित