रायपुर , सितंबर 12 -- छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की बहस की चुनौती पर पलटवार करते हुए शनिवार को कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में 18 लाख परिवार पीएम आवास से वंचित हुए।
श्री साव ने यहां मीडिया से चर्चा में श्री बघेल पर तंज कसते हुए कहा, "जब आंखों में इटालियन चश्मा हो, जिसने मुख्यमंत्री रहते हुए 18 लाख परिवारों को पीएम आवास से वंचित किया हो, छत्तीसगढ़ के भोले-भाले जनता को ठगने का काम किया हो, वह क्या बहस करेंगे. इस तरह की बातें कहकर गरीबों और जरूरतमंदों के जख्मों पर नमक छिड़कने का काम कर रहे हैं."उप मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सख्त तेवर को लेकर पूछे गए सवाल पर कहा कि राज्य के मुखिया होने के नाते यही कर्तव्य है. जहां लोगों को समस्या हो लोगों के साथ खड़े हो और उनकी मदद भी करें. वही काम हमारे मुख्यमंत्री श्री साय कर रहे हैं. यही विष्णु का सुशासन है।
श्री साव ने तालाबों के सौंदर्यीकरण के लिए राशि जारी किए जाने के संबंध में कहा कि अलग-अलग योजनाओं में केंद्र सरकार तालाब के सौंदरीकरण और जीणोद्धार के लिए राशि आवंटित करती है. इसको लेकर भी लगातार काम होता है और यह भी एक बड़ा काम है. इसलिए इतनी बड़ी राशि स्वीकृत हुई है।
उन्होंने सेवा संकल्प अभियान के तहत मंत्रियों को जिम्मेदारी दिए जाने पर कहा कि नरेंद्र मोदी सात अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री बने तब से अब तक, मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री के रूप में सेवा कर रहे है. सेवा संकल्प अभियान में 12 अलग-अलग प्रकार की सेवा के काम पूरे देश भर में होंगे। राज्य में भी उसके लिए व्यापक रूप से तैयारी की गई है. सभी 12 योजनाओं के लिए संगठन और सरकार तैयारी कर रही है. सभी लोग अपने जिम्मेदारी को निभाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित