हैदराबाद , जनवरी 31 -- भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के वरिष्ठ नेता शेख अब्दुल्ला सोहेल ने शनिवार को तेलंगाना की कांग्रेस सरकार पर पूर्व मुख्यमंत्री और बीआरएस प्रमुख के. चंद्रशेखर राव (केसीआर) के खिलाफ राजनीतिक प्रतिशोध की नीति अपनाने का आरोप लगाया।
मीडिया से बातचीत में श्री सोहेल ने मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी की आलोचना करते हुए कहा कि श्री चंद्रशेखर राव से जुड़े फोन टैपिंग मामले में पुलिस द्वारा नोटिस तामील कराने का तरीका निंदनीय है। उन्होंने आरोप लगाया कि श्री राव द्वारा अपना आवासीय पता स्वयं उपलब्ध कराने के बावजूद पुलिस देर रात एक अन्य स्थान पर पहुंची और ऐसे घर के गेट पर नोटिस चिपका दिया, जहां वह मौजूद ही नहीं थे।
इस कार्रवाई को "अहंकारी" और "शर्मनाक" बताते हुए श्री सोहेल ने कहा कि यह पूरी तरह से राजनीतिक बदले की भावना को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कदम विपक्ष के नेता को परेशान करने और तेलंगाना के निर्माता के रूप में उनकी छवि को कमजोर करने के उद्देश्य से उठाया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित