रायगढ़ , जून 23 -- छत्तीसगढ़ में रायगढ़ जिले के चिरईपानी स्थित ओमश्री रूपेश संयंत्र में हाल ही में हुए हादसे की जांच के लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा गठित जांच समिति मंगलवार को घटनास्थल पहुंची और मामले की विस्तृत जानकारी ली।
समिति के सदस्यों ने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर संयंत्र में श्रमिकों के लिए उपलब्ध सुरक्षा इंतजामों तथा कार्यस्थल की परिस्थितियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मृतक गर्भवती महिला मजदूर के परिजनों एवं स्थानीय लोगों से भी चर्चा कर घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी प्राप्त की।
कांग्रेस नेताओं ने निरीक्षण के बाद आरोप लगाया कि उद्योगों में सुरक्षा मानकों के पालन में गंभीर लापरवाही बरती जा रही है, जिससे श्रमिकों की जान जोखिम में पड़ रही है। उन्होंने कहा कि यदि सुरक्षा नियमों का प्रभावी ढंग से पालन किया गया होता तो इस दुर्घटना को टाला जा सकता था।
जांच समिति ने इस घटना को केवल दुर्घटना नहीं बल्कि सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर चूक का मामला बताते हुए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, मृतका के परिवार को उचित मुआवजा तथा निष्पक्ष जांच की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने राज्य सरकार पर उद्योगपतियों को प्राथमिकता देने तथा श्रमिकों के हितों एवं सुरक्षा की उपेक्षा करने का आरोप लगाया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिला और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी इस मुद्दे को व्यापक स्तर पर उठाएगी और आंदोलन भी करेगी।
उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पूर्व संयंत्र परिसर में दीवार गिरने से एक गर्भवती महिला मजदूर की मौत हो गई थी, जिसके बाद मामले को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित