बारां , सितम्बर 18 -- राजस्थान में बारां जिला कांग्रेस ने पार्टी एवं पार्टी समर्थित पार्षदों और उनके परिजनों पर पुलिस- प्रशासन के माध्यम से दबाव बनाये जाने के आरोपों को लेकर शुक्रवार को जिला पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा।

जिला संगठन महामंत्री कैलाश जैन ने बताया कि पार्टी को मिली सूचनाओं के अनुसार पार्षदों को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) खेमे में शामिल करने के लिए कथित रूप से दबाव बनाया जा रहा है। कांग्रेस ने इसे लोकतांत्रिक एवं स्वतंत्र चुनावी प्रक्रिया के लिए चिंता का विषय बताते हुए निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन में पार्षदों एवं उनके परिजनों पर किसी भी अनुचित दबाव या उत्पीड़न को तत्काल रोकने, पुलिस-प्रशासन की सरकारी मशीनरी का राजनीतिक उद्देश्य से दुरुपयोग नहीं करने और किसी भी कार्रवाई में कानूनी प्रक्रिया और निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग की गयी। साथ ही कथित दबाव संबंधी शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराने का आग्रह किया गया।

इस दौरान पूर्व विधायक पानाचंद मेघवाल, पूर्व विधायक निर्मला सहरिया, घनश्याम नागर मिसाई, अजीज नाजा, अशरफ देशवाली, ललित गालव, लालसिंह मारन, राजेन्द्र कलवार, पार्षद मुर्तजा अंसारी, अरविंद गालव सहित कांग्रेसजन मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित