पटना , अप्रैल 18 -- बिहार प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि बिहार में शराबबंदी पर कांग्रेस का पक्ष बिलकुल साफ है और इसका विरोध सरकार के अंदर बैठे लोग ही कर रहे हैं।
श्री राम ने यूनीवार्ता से कहा कि जिस समय बिहार में शराबबंदी लाई गई थी, कॉग्रेस का रुख उसके पक्ष में था और आज भी उनकी पार्टी अपने रुख पर कायम है। उन्होंने कहा कि शराबबंदी पर कांग्रेस नही सरकार असमंजस में है।
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि चुनावी रेवड़ियां बांटने से बिहार सरकार का खजाना खाली हो गया है और जरूरी विकास कार्य के साथ लोगों को समय से वेतन नही मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि आमदनी बनाने के लिए सरकार के अंदर ही शराबबंदी खत्म करने की आवाजें उठ रही हैं। उन्होंने कहा कि जनता के विरोध के डर से भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) निर्णय नही ले पा रही है, जबकि उसकी मनसा शराबबंदी खत्म करने की है।
श्री राम ने कहा कि झूठ बोलना भाजपा की संस्कृति है और इसका उदाहरण 'रसोई गैस' की किल्लत' के समय देखी गयी। उन्होंने कहा कि लोग गैस के लिए बेहाल हो रहे थे और सत्ता पक्ष के नेता बयान दे रहे थे कि रसोई गैस की कोई कमी नही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित