रूद्रपुर , जनवरी 26 -- उत्तराखंड में एक चौंकाने वाली घटना सामने आयी है। यहां कांग्रेस विधायक तिलकराज बेहड़ के पार्षद पुत्र सौरभ बेहड़ ने पारिवारिक विवाद के चलते खुद पर हमला करवाया है।

रूद्रपुर पुलिस ने गुरूवार को इस मामले में दूध का दूध और पानी का पानी कर दिया है। इस घटनाक्रम के सामने आने के बाद विधायक तिलकराज बेहड़ भी सकते में है।

इस साजिश में शामिल सौरभ बेहड़ के नजदीकी इंदर नारंग भी शामिल है और उसने कथित तीन हमलावरों को गिरफ्तार किया है। अब रूद्रपुर पुलिस विधायक के पार्षद बेटे पर भी शिकंजा कसने की तैयारी में है।

ऊधम सिंह नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) मणिकांत मिश्रा ने आज इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि हमले की साजिश स्वयं विधायक के बेटे ने रची थी।

उन्होंने बताया कि बुधवार 21 जनवरी की रात को पुलिस ने इस घटना में शामिल तीन आरोपियों वंश कुमार एवं बादशाह निवासीगण घासमंडी, रूद्रपुर और दीपक सिंह निवासी नारायण कालोनी ट्रांजिट कैम्प, रूद्रपुर को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया था।

आरोपियों के पास से दो तमंचे, एक चाकू और एक जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ था। आरोपियों से जब सख्ती से पूछताछ की गयी तो उन्होंने खुलासा किया कि सौरभ बेहड़ और इंदर नारंग ने हमले की पूरी साजिश रची है और उनसे हमला करने को कहा।

यह भी पता चला कि सौरभ बेहड़ ने यह साजिश पारिवारिक विवाद में सहानुभूति पाने के लिये के लिये रची। इसके लिये विधायक के बेटे ने इंदर नारंग को 18 जनवरी को पहले अपने घर पर बुलाया और दोनों ने हमले की योजना बनायी।

श्री मिश्रा ने बताया कि आरोपी इंदर नारंग ने भी पूरी बात कुबूल ली है। उसने अपने कबूलनामे में कहा कि सौरभ ने पत्नी से चल रहे विवाद के कारण सहानुभूति पाने के लिये यह साजिश रची।

इसके बाद इंदर ने वंश और बादशाह को बुलाकर दोनों को हमले की योजना समझाई। पहचान छिपाने के लिये चेहरा ढकने और मोटर साइकिल की नंबर प्लेट हटाने की बात भी सामने आयी।

घटना के दिन इंदर नारंग अपनी वैगनार कार से हमलावरों के पीछे पीछे चल रहा था। भीड़ अधिक होने पर शिव शक्ति पीजी गेट के पास हमले का नाटक किया गया। यही नहीं हमला कराने के बाद इंदर ने ही हमलावरों को भगाने में मदद की।

हमले के बाद आरोपी सिडकुल नैनीताल रोड की ओर भागे और मोटर साइकिल को धरमपुर थाना पंतनगर में छिपा दी। इसके बाद इंदर नारंग ने तीनों को अपनी वैगनार कार से सुरक्षित इलाके तक छोड़ा।

श्री मिश्रा के अनुसार आरोपियों के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के साथ ही भारतीय न्याय संहिता की धारा 61(2) और 3(5)की बढ़ोतरी की गयी है। श्री मिश्रा ने कहा कि यह आपराधिक मामला है और इसमें सभी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी।

इस घटना के बाद धामी सरकार पर हमलावर कांग्रेसी नेता बैकफुट पर हैं। स्वयं विधायक तिलकराज बेहड़ इस घटना से स्तब्ध हैं। उन्होंने इस घटना को लेकर पत्रकारों से बात की। साथ ही अपने पुत्र को अस्पताल से लेकर घर ले गये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित