देहरादून , जून 04 -- उत्तराखंड कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल एवं नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व प्रमुख कुन्दन सिंह बथियाल का एक दुर्घटना में निधन होने पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

कांग्रेस मीडिया कमेटी चेयरमैन राजीव महर्षि ने गुरुवार को बताया कि दोनों नेताओं ने अपने शोक संदेश में कहा कि दिवंगत बथियाल पार्टी के कर्मठ, निष्ठावान एवं वरिष्ठ नेता थे। जिनका असमय देहावसान कांग्रेस पार्टी की अपूर्णीय क्षति है। उनका पूरा जीवन क्षेत्रीय जनता के विकास के लिए समर्पित रहा है। ब्लाक प्रमुख के रूप में क्षेत्र के विकास के लिए किये गये उनके प्रयासों को कभी भुलाया नहीं जा सकता है। इस शोक की घडी में पूरा कांग्रेस परिवार उनके परिजनों के साथ बराबर का सहभागी है।

श्री महर्षि ने बताया कि पार्टी कार्यालय में भी एक शोकसभा का आयोजन प्रदेश महामंत्री राजेन्द्र सिंह भंडारी की अध्यक्षता में हुआ। जिसमें कांग्रेसजनों ने श्री बथियाल के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर शोक प्रकट करते हुए उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इस अवसर पर कांग्रेसजनों ने कहा कि श्री बथियाल का असमय चले जाना हम सबके लिए असीमित दुख का विषय है।

गौरतलब है कि अल्मोड़ा से पिथौरागढ़ के नाचनी की ओर जा रही एक कार आज दोपहर धौलछीना थाना क्षेत्र में कांचुला पुल के पास अनियंत्रित होकर लगभग 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। जिसमें कांग्रेस नेता बथियाल और दो अन्य व्यक्ति सवार थे। श्री बथियाल की दुर्घटना में मृतयु हो गयी और अन्य दो गंभीर रूप से घायल हो गये। घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेस अस्पताल अल्मोड़ा रेफर किया गया है।

शोकसभा में महामंत्री राजेन्द्र शाह, नवीन जोशी, अजय सिंह, गोदावरी थापली, अभिनव थापर, अमेन्द्र बिष्ट, अश्विनी बहुगुणा, सुरेन्द्र सिंह रांगड़, प्रदेश प्रवक्ता डाॅ. प्रतिमा सिंह, शीशपाल सिंह बिष्ट, मनीष नागपाल, प्रीतम सिंह आर्य, सुनित सिंह राठौर, अखिलेश उनियाल, टीका राम पाण्डेय, मनीष गौनियाल, आदि अनेक कांग्रेसजन उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित