जयपुर , अक्टूबर 16 -- राजस्थान प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के पाकिस्तान के जिक्र वाले बयान के विरोध को लेकर कांग्रेस पार्टी शनिवार को सभी जिला मुख्यालयों पर उनका पुतला जलाकर विरोध-प्रदर्शन करेगी।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव तथा मीडिया चेयरपर्सन स्वर्णिम चतुर्वेदी ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा के निर्देशानुसार यह विरोध-प्रदर्शन किया जायेगा। उन्होंने कहा कि भारत में आतंकवादी गतिविधियों को प्रश्य देने का कार्य पाकिस्तान द्वारा किया जा रहा है और लगातार भारत में अलगाववादी शक्तियों को दहशत फैलाने में सहायता दी जा रही है। ऐसे में जब भाजपा पाकिस्तान को लाल ऑंख दिखाने और सबक सिखाने का वादा कर चुनाव लड़ती है और सत्ता पर काबिज होने के बाद भाजपा के राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष पाकिस्तान के साथ खड़े होने की बात कहते हैं, तो यह भारतीय सैनिकों, भारत के जांबाज शहीदों तथा भारत के वह सभी नागरिकों जो कि आतंकवादी घटनाओं में अपनी जान गंवा बैठे हैं उनका तथा उनके परिवार का अपमान है।

उन्होंने बताया कि इसके विरोध में कांग्रेस पार्टी द्वारा प्रदेशभर में सभी जिला मुख्यालयों पर विरोध-प्रदर्शन किये जायेंगे। उन्होंने बताया कि श्री डोटासरा ने सभी जिला कांग्रेस कमेटियों, अग्रिम संगठनों तथा विभागों एवं प्रकोष्ठों को निर्देश दिये हैं कि 17 अक्टूबर को भाजपा के श्री राठौड़ का पुतला जलाकर उनके बयान का विरोध कर भाजपा की असलियत को उजागर करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित