बिलासपुर , सितंबर 12 -- छत्तीसगढ़ के पूर्व उप मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता टीएस सिंहदेव ने पार्टी में युवा नेतृत्व की भागीदारी बढ़ने के संकेत देते हुए कहा है कि आने वाले समय में संगठन की तरह चुनाव में भी युवाओं की ज्यादा भागीदारी रहेगी और 50 साल से कम उम्र के लोगों को अधिक अवसर मिल सकते हैं।
श्री सिंह देव ने बिलासपुर में आयोजित कांग्रेस के संभाग स्तरीय तीन दिवसीय संगठन सृजन प्रशिक्षण शिविर के दूसरे दिन आज कहा कि निकाय चुनावों में बड़ी संख्या में युवा प्रतिनिधि चुनकर सामने आ रहे हैं। विधानसभा और लोकसभा में भी युवा नेतृत्व आगे बढ़ रहा है। ऐसे में संगठन के ढांचे में इसका असर दिखाई देना स्वाभाविक है।
उन्होंने कांग्रेस के टिकट वितरण में संगठन की तरह 50 साल से कम उम्र के युवाओं को अवसर दिए जाने के सवाल पर कहा कि आने वाले समय में यह नियम लागू हो सकता है। वैसे भी कांग्रेस में पंचायती राज और नगरीय निकाय के चुनाव में युवा चुनकर आते हैं, उन्हें अवसर दिया गया है। सांसद और विधायक के चुनाव में भी समय के साथ यह निश्चित होगा कि कम उम्र के लोगों को ज्यादा अवसर मिले।
श्री सिंहदेव ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और कांग्रेस सचिव देवेंद्र यादव के बीच टकराव जैसी स्थिति से इनकार करते हुए कहा कि जब ढाई साल सीएम का मामला चल रहा था तब देवेंद्र यादव भूपेश के साथ खड़े थे।
उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन सृजन प्रशिक्षण शिविर को किसी विशेष चुनाव की तैयारी के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। इसका लक्ष्य दूरगामी है और पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की दिशा में काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण शिविर का उद्देश्य केवल कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण देना नहीं, बल्कि उदयपुर चिंतन शिविर-2022 में लिए गए फैसलों को संगठन के स्तर पर लागू करना है। बिलासपुर के बाद सरगुजा और फिर रायपुर संभाग में भी इसी तरह के शिविर आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस को एसटी, एससी, ओबीसी, अल्पसंख्यक और महिलाओं को संगठन में पर्याप्त प्रतिनिधित्व देने वाले मजबूत ढांचे के रूप में तैयार करने पर जोर दिया जा रहा है। इन वर्गों की कम से कम 50 प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में काम किया जा रहा है।
यूथ कांग्रेस चुनाव में एक पद के लिए कई दावेदार होने को स्वाभाविक बताते हुए श्री सिंहदेव ने कहा कि चुनाव लोकतांत्रिक प्रक्रिया से होना चाहिए और वरिष्ठ नेताओं को अनावश्यक हस्तक्षेप नहीं करना चाहिए। चुनाव परिणाम आने के बाद सभी मिलकर संगठन के लिए काम करेंगे।
उन्होंने सतनामी समाज के धर्मगुरु बालदास के बड़े बेटे ढाल दास के कांग्रेस में शामिल होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि देश में जिस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं, उनसे चिंतित लोग कांग्रेस से जुड़कर देशहित में काम करना चाहते हैं।
उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर सरकार के आंकड़ों पर सवाल उठाते हुए केंद्र और राज्य सरकार से श्वेत-पत्र जारी करने की मांग की। उन्होंने कहा कि पहले 18 लाख आवास की बात कही गई थी, बाद में केंद्र की ओर से नौ लाख आवास की बात सामने आई और अब 11 लाख का आंकड़ा बताया जा रहा है। श्वेत-पत्र जारी होने से यह स्पष्ट होना चाहिए कि कितने आवास स्वीकृत हुए, कितने बने और कितने परिवारों को इसका लाभ मिला।
प्रशिक्षण शिविर के पहले सत्र में पूर्व मंत्री रविंद्र चौबे शामिल हुए। नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत और प्रदेशाध्यक्ष दीपक बैज ने भी शिविर को संबोधित किया। इस दौरान मस्तूरी विधायक दिलीप लहरिया, पूर्व विधायक शैलेष पांडेय, सियाराम कौशिक, जिला कांग्रेस कमेटी के शहर अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा, ग्रामीण अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री समेत कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित