पटना , जुलाई 22 -- प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम के द्वार परभारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के बीच हुई हिंसक झड़प में बुधवार को बड़ी संख्या में लोग घायल हो गए हैं।

इस प्रदर्शन में शामिल भाजपा युवा मोर्चा के नेता राजीव तिवारी ने यूनीवार्ता को बताया कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी के नेतृत्व में विधायकों, संगठन के नेताओ और कार्यकर्ताओं का एक बड़ा दल नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के घर के बाहर कांग्रेस के प्रदर्शन का विरोध करने और उन पर अपमानजनक टिप्पणी करने के विरोध में कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन कर रहा था, उसी समय मुख्यालय के छत से पत्थरबाजी शुरू हो गयी।

श्री तिवारी ने बताया की इस हिंसक आक्रमण में भाजपा के कई नेता और कार्यकर्ता घायल हो गए हैं और उन्हें अस्पताल ले जाया गया है। उन्होंने बताया कि घायल भाजपा नेताओं में युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र सिंह, ओबीसी मोर्चा के अध्यक्ष बलराम मंडल, प्रदेश मंत्री, युवा मोर्चा मुकेश यादव,भाजपा प्रवक्ता उपेंद्र सिंह, सनोज कुमार ,ऋषभ, अभिषेक सिंह सहित करीब 25 से ज्यादा लोग शामिल हैं।

इस घटना के बाद भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने बयान जारी कर कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में शांतिपूर्ण विरोध हर राजनीतिक दल का अधिकार है, लेकिन कांग्रेस ने इस अधिकार का सम्मान करने के बजाय हिंसा का रास्ता अपनाकर अपनी लोकतंत्र विरोधी मानसिकता को उजागर है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के इस सुनियोजित हमले ने यह स्पष्ट कर दिया है कि विपक्ष लोकतांत्रिक संवाद के बजाय अराजकता और हिंसा की राजनीति में विश्वास करता है। भाजपा ऐसे कृत्यों की कड़ी निंदा करती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित