रायपुर , अप्रैल 21 -- छत्तीसगढ़ से राज्यसभा सांसद रंजीत रंजन ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी महिला आरक्षण के विरोध में नहीं है, बल्कि परिसीमन प्रक्रिया को लेकर आपत्ति जता रही है।

सुश्री रंजन ने रायपुर स्थित कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय में आज आयोजित प्रेसवार्ता में कहा कि वर्ष 2023 में पारित महिला आरक्षण प्रावधान को लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों पर शीघ्र लागू किया जाना चाहिए। उन्होंने केंद्र सरकार से यह भी पूछा कि बिना जनगणना के परिसीमन की प्रक्रिया किस आधार पर आगे बढ़ाई जा सकती है। उनके अनुसार, पहले जनगणना कराई जानी चाहिए और उसके बाद ही परिसीमन से जुड़ा विधेयक लाया जाना उचित होगा।

कांग्रेस सांसद ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की मंशा स्पष्ट नहीं है और वह इस मुद्दे पर महिलाओं के हितों के प्रति गंभीर नहीं दिख रही। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण के नाम पर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश की जा रही है।

इधर, भाजपा द्वारा कांग्रेस पर विधेयक को आगे बढ़ाने में बाधा डालने का आरोप लगाया गया है। इस मुद्दे को लेकर रायपुर में आयोजित जनआक्रोश रैली में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी शामिल हुए। कांग्रेस ने इस रैली को भ्रामक बताते हुए कहा कि वास्तविक मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित