चंडीगढ़ , मार्च 17 -- हरियाणा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने राज्यसभा चुनाव के बाद कांग्रेस और इनेलो पर तीखा हमला बोला। उन्होंने नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद संजय भाटिया को जीत की बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।

श्री बड़ौली ने कहा कि कांग्रेस आंतरिक कलह और गुटबाजी से जूझ रही है और अब बिखराव की ओर बढ़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपने विधायकों को संभाल नहीं पा रही, यही कारण है कि पार्टी के भीतर विश्वास की कमी साफ दिखाई दे रही है।

उन्होंने कहा कि संख्याबल होने के बावजूद कांग्रेस उम्मीदवार बेहद कम अंतर से जीत पाया, जिससे पार्टी की एकजुटता के दावे की पोल खुल गई है। उन्होंने आने वाले समय में कांग्रेस की स्थिति और कमजोर होने की बात भी कही।

उन्होंने इनेलो पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव का बहिष्कार कर पार्टी ने लोकतंत्र का अपमान किया और अप्रत्यक्ष रूप से कांग्रेस का समर्थन किया। उन्होंने इसे इनेलो की "बी टीम" की भूमिका बताया।

श्री बड़ौली ने कहा कि भाजपा को जनता का निरंतर समर्थन मिल रहा है। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और नायब सिंह सैनी के मार्गदर्शन में हरियाणा तेजी से विकास कर रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि संजय भाटिया राज्यसभा में प्रदेश की आवाज को मजबूती से उठाएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित