रायपुर , जून 29 -- छत्तीसगढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अभनपुर में आयोजित कांग्रेस के 10 दिवसीय जिला अध्यक्ष प्रशिक्षण शिविर को राजनीतिक नौटंकी करार देते हुए कांग्रेस नेता पवन खेड़ा पर तीखा हमला बोला है।
भाजपा की प्रदेश प्रवक्ता शताब्दी पाण्डे ने सोमवार को राजधानी रायपुर में कहा कि कांग्रेस का प्रशिक्षण शिविर अपनी राजनीतिक जमीन खिसकती देख किया गया एक नाटक मात्र है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या पवन खेड़ा छत्तीसगढ़ के कांग्रेस जिला अध्यक्षों को चरित्र हनन और बदजुबानी की राजनीति का प्रशिक्षण देने आए हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि बिना किसी ठोस सबूत के झूठे दस्तावेजों के आधार पर विरोधियों का चरित्र हनन करना और संकट की स्थिति में जिम्मेदारी से बचना पवन खेड़ा की राजनीतिक शैली रही है। ऐसे में कांग्रेस उनके नेतृत्व से सकारात्मक राजनीति की अपेक्षा नहीं कर सकती।
शताब्दी पाण्डे ने कहा कि 41 जिला अध्यक्षों का गांवों में रात्रि प्रवास और मनरेगा मजदूरों के साथ श्रमदान केवल फोटो खिंचवाने तक सीमित एक "इवेंट मैनेजमेंट" है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में कभी गरीबों और ग्रामीणों की वास्तविक समस्याओं पर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के प्रयासों के बावजूद पार्टी का संगठन लगातार कमजोर हो रहा है, जिसके कारण अब उसे चुनावी रणनीति और आंदोलनों के लिए बाहरी नेताओं का सहारा लेना पड़ रहा है।
भाजपा प्रवक्ता ने दावा किया कि छत्तीसगढ़ की जनता कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर और उसकी राजनीति को भलीभांति समझती है तथा आगामी समय में नकारात्मक राजनीति को पूरी तरह खारिज करेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित