रायपुर , जून 20 -- छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के दस दिवसीय प्रशिक्षण शिविर की शुरुआत के साथ ही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस के बीच सियासी आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं।
प्रदेश के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने शिविर की उपयोगिता पर सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस के नेता आपस में लड़ रहे हैं और प्रशिक्षण से पार्टी को कोई फायदा नहीं होने वाला है। वहीं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने पलटवार करते हुए कहा कि "अरुण साव एक घंटे हमारा प्रशिक्षण अटेंड कर ले, भाजपा छोड़कर वो कांग्रेस में आ जाएंगे। ऐसा होता है कांग्रेस का प्रशिक्षण शिविर।"श्री बैज ने मंत्री श्री साव के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि प्रदेश में सबसे ज्यादा भ्रष्टाचार उप मुख्यमंत्री के विभाग में हो रहा है। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री निवास में हुई आपात बैठक में भी सबसे ज्यादा निशाने पर अरुण साव ही थे। उन्होंने कहा, "साव बताएं उनसे इस्तीफा मांगा गया था या नहीं।"उन्होंने भाजपा द्वारा प्रशिक्षण शिविर के लिए जिलाध्यक्षों से सहयोग राशि लिए जाने के आरोपों को खारिज करते हुए कहा, "आपके पास प्रूफ है तो बताईये। कोई चंदा दिया है या क्या है प्रूफ है तो बताएं। भाजपा का काम है आरोप लगाना। पूरी निगरानी दिल्ली से हो रही है। गांधीवादी तरीके से काफी सामान्य तरीके से ये प्रशिक्षण शिविर का आयोजन होगा।"श्री बैज ने भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा द्वारा कांग्रेस नेता राहुल गांधी को "जोकर" बताए जाने पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा, "पुरंदर मिश्रा मानसिक संतुलन खो चुके हैं। भाजपा को उनका मानसिक इलाज करना चाहिए। भाजपा इलाज नहीं कर पाए तो हमें बता दें। कांग्रेस पुरंदर मिश्रा का इलाज कराने झारखंड भेज देगी। वे पढ़े लिखे समझदार वकील हैं, बयान देने से पहले भाषा की मर्यादा जांच कर लिया करें।"अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को लेकर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि विश्व योग दिवस का आयोजन प्रदेशभर में किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 180 से अधिक देश योग दिवस मना रहे हैं तथा शाम सात बजे से 7.45 बजे तक सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित होगा। कार्यक्रमों में मंत्री, सांसद और विधायक भी शामिल होंगे तथा योग के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
श्री साव ने राज्य सरकार के "सुघ्घर छत्तीसगढ़" अभियान पर कहा कि जानकारी के अभाव में कई लोग योजनाओं के लाभ से वंचित रह जाते हैं। इस अभियान के माध्यम से 31 विभिन्न योजनाओं का लाभ शत-प्रतिशत पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह बड़ा निर्णय मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में लिया गया है।
उन्होंने श्री राहुल गांधी के प्रस्तावित छत्तीसगढ़ दौरे पर टिप्पणी करते हुए कहा कि "राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस 99 चुनाव हार चुकी है। राहुल गांधी के तय कार्यक्रमों से कांग्रेस को नुकसान होता है। भारत जोड़ो यात्रा के बाद भी कांग्रेस को काफी नुकसान हुआ। यह प्रशिक्षणों का लाभ भी कांग्रेस को नहीं मिलेगा, क्योंकि कांग्रेस के नेता एक दूसरे को निपटाने में लगे हैं।"उन्होंने चार और पांच जुलाई को भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) में प्रस्तावित मंत्रियों के प्रशिक्षण कार्यक्रम पर कहा कि सुशासन एवं अभिसरण विभाग द्वारा आयोजित चिंतन शिविर से मंत्रियों को प्रशासनिक कार्यों में लाभ मिलता है। उन्होंने कहा कि पूर्व में आयोजित दो चिंतन शिविरों से सकारात्मक परिणाम मिले हैं तथा आगामी शिविर में विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ मार्गदर्शन देंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित