रांची , सितंबर 25 -- झारखंड में लगातार हो रही बारिश और खराब मौसम के कारण प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के. राजू का प्रस्तावित रांची दौरा स्थगित कर दिया गया है।
शुक्रवार को उनका हैदराबाद से रांची पहुंचने का कार्यक्रम था, लेकिन मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण फ्लाइट रद्द हो गई। इसके बाद कांग्रेस ने उनका दौरा टाल दिया।
कांग्रेस की ओर से सोशल मीडिया के माध्यम से दी गई जानकारी के अनुसार, के. राजू को शुक्रवार को हैदराबाद से रांची पहुंचना था। उनके रांची आगमन के बाद 26 सितंबर को प्रस्तावित पार्टी कार्यक्रम में शामिल होने का कार्यक्रम था। हालांकि, खराब मौसम के कारण विमान सेवा प्रभावित होने से उनका दौरा स्थगित करना पड़ा।
पार्टी की ओर से बताया गया है कि के. राजू के आगामी कार्यक्रम और रांची आने की नई तारीख की जानकारी बाद में जारी की जाएगी। इससे पहले प्रदेश कांग्रेस ने उनके 25 सितंबर को रांची पहुंचने और 26 सितंबर को पार्टी के प्रस्तावित कार्यक्रम में शामिल होने की जानकारी दी थी।
झारखंड में पिछले कुछ दिनों से कई जिलों में लगातार बारिश हो रही है। खराब मौसम का असर सड़क और हवाई यातायात पर भी पड़ रहा है। मौसम की स्थिति को देखते हुए आने वाले दिनों में भी यात्रा प्रभावित होने की संभावना बनी हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित