अजमेर , अक्टूबर 15 -- राजस्थान के अजमेर में अजमेर जिला परिषद के वार्ड 12 से कांग्रेस प्रत्याशी हंसराज गुर्जर की गिरफ्तारी के बाद सरवाड़ में राजनीतिक माहौल गरमा गया।
गिरफ्तारी के विरोध में पूर्व मंत्री डॉ. रघु शर्मा के नेतृत्व में सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता सरवाड़ थाने पहुंचे और प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने थाने के बाहर बैरिकेड लगाकर सुरक्षा व्यवस्था की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला पांच अक्टूबर की घटना से जुड़ा है, जिसको लेकर 13 अक्टूबर को मारपीट का मामला दर्ज किया गया था। इसी मामले में पुलिस ने कांग्रेस प्रत्याशी हंसराज गुर्जर को गिरफ्तार किया है।
पंचायत चुनाव से पहले हुई इस कार्रवाई पर कांग्रेस नेताओं ने सवाल उठाए हैं। डॉ रघु शर्मा सहित कांग्रेस कार्यकर्ता स्वयं की गिरफ्तारी देने की मांग के साथ धरना-प्रदर्शन रखे हुए है।
अजमेर शहर कांग्रेस अध्यक्ष डाॅ राजकुमार जयपाल ने भी पुलिस की इस कार्रवाई की भर्त्सना की है। उन्होंने तुरंत हंसराज गुर्जर की रिहाई की मांग की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित