जयपुर , सितम्बर 04 -- राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने कहा है कि कांग्रेस पार्टी नगर निकाय चुनाव में बोर्ड बनाकर प्रदेश में स्थानीय सरकारों के माध्यम से सुशासन देगी।
श्री डोटासरा ने शुक्रवार को यहां प्रेस वार्ता में यह वादा करते हुए कहा कि पार्टी ने संकल्प लिया है कि कांग्रेस सरकार के शासन में अभियान चलाकर पट्टों का वितरण किया गया था, लेकिन पुन: कार्य करते हुये पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के शासन में चलाये गये अभियान के अनरूप पट्टों का वितरण किया जायेगा। कच्ची बस्ती नियमन स्वयं की पुश्तैनी रिहायशी भूमि पर धारा 69-ए भूमि रूपांतरण आदि के कार्य करवाये जायेंगे। कांग्रेस पार्टी द्वारा पूर्व में 500 वर्ग एवं 300 वर्ग गज के पट्टों पर छूट देकर नागरिकों को लाभान्वित किया गया था, उसी प्रकार आगे भी लाभान्वित करने का संकल्प लिया गया है।
उन्होंने कहा कि यूडी टैक्स पर पुनर्विचार कर जनहित में इसे तर्क संगत बनाया जायेगा। सीसी रोड, जल निकासी की समस्या का निराकरण प्राथमिकता से किया जायेगा। जिन सफाई कर्मियों की भर्ती भाजपा के कार्यकाल में नहीं हुई, वे भर्ती पूरी की जायेगी और हर वर्ष निकाय में जरूरत के अनुसार भर्तियां निकाली जायेगी जिससे सफाई व्यवस्था मजबूत होगी और सफाई कर्मियों को रोजगार मिलेगा। घर-घर कचरा संग्रहण की व्यवस्था नि:शुल्क की जायेगी और इसकी प्रतिदिन मॉनिटरिंग की जायेगी। जहॉं सीवरेज लाइन नहीं है, वहॉं नयी सीवरेज लाइन बिछायी जायेगी।
श्री डोटासरा ने कहा कि आवश्यकता अनुसार एसटीपी बनाये जायेंगें। जहां मास्टर प्लॉन नहीं है वहां मास्टर प्लॉन आमजन से सुझाव लेकर बनाये जायेंगे। स्ट्रीट लाईट और एलईडी लाइट की व्यवस्था की जायेगी। नगर निकायों द्वारा किये जाने वाले कार्यों की प्रक्रिया एवं संबंधित नियमों की जानकारी पारदर्शिता के वैब साईट पर डाली जायेगी ताकि सभी नागरिकों को क्या कार्य किये जा रहे हैं उसका क्या स्टेटस् है इसकी जानकारी मिल सके। साथ ही आम जनता के कार्यों के आवेदन भी ऑनलाइन ही लिए जायेंगे जिसकी प्रगति की जानकारी उक्त वेबसाइट पर देने की व्यवस्था की जायेगी ताकि भ्रष्टाचार पर रोकथाम हो और पारदर्शिता के साथ कार्य हो सके। हर क्षेत्र में मूलभूत ढांचे के निर्माण का कार्य प्राथमिकता से किया जायेगा, जिस प्रकार कोटा शहर में रीवर फ्रंट, जयपुर में भारत जोड़ो सेतु बनाया गया है, ऐसे ही कार्य कराये जायेंगे।
श्री डोटासरा ने कहा कि इन संकल्पों के साथ सभी 309 निकायों के लिये जिला कांग्रेस कमेटियों द्वारा स्थानीय मुद्दों को लेकर नगर निकाय चुनाव के लिए घोषणा पत्र जारी किये जायेंगे। कांग्रेस पार्टी भाजपा के कुशासन को उखाड़ फेंकने के लिये कृत संकल्प है और प्रदेशवासियों को भ्रष्टाचार मुक्त स्थानीय निकायों द्वारा विकास प्रदान करने के लिये कांग्रेस के नेता एवं कार्यकर्ता एकजुटता के साथ चुनावों में जनता के बीच मत एवं समर्थन प्राप्त करने के लिए जा रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित