नयी दिल्ली , मार्च 20 -- कांग्रेस ने असम में मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा के खिलाफ बिदिशा नियोग को चुनावी समर में उतारा है।
कांग्रेस ने शुक्रवार को असम विधानसभा चुनावों के लिए उम्मीदवारों की अपनी चौथी सूची जारी की, जिसमें बिदिशा नियोग को जालुकबारी को टिकट दिया गया है। पार्टी ने अपनी चौथी सूची में सात प्रत्याशियों के नामों का ऐलान किया है।
कांग्रेस के महासचिव के.सी. वेणुगोपाल द्वारा जारी एक बयान के अनुसार उम्मीदवारों में जालुकबारी, तंगला, बिश्वनाथ, नौबोइचा (आरक्षि.), महमोरा, टिटाबोर और हैलाकांडी के प्रत्याशी शामिल हैं। कांग्रेस ने जालुकबारी से बिदिशा नियोग, तंगला से रोहित परिगा, बिश्वनाथ से जयंत बोरा और नौबोइचा (आरक्षित) सीट से जय प्रकाश दास को चुनावी समर में उतारा है।
वहीं, पार्टी ने महमोरा से ज्ञानदीप मोहन, टिटाबोर से प्राण कुर्मी और हैलाकांडी से राहुल रॉय को टिकट दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित