देहरादून , नवंबर 09 -- उत्तराखंड राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने पर उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से मनाये जा रहे रजत जयंती समारोह पखवाड़े के तहत रविवार को राजीव भवन में राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
पार्टी मुख्यालय में एकत्रित हुए कांग्रेस जनों ने वंदे मातरम, ध्वज गीत व राष्ट्र गान गाकर राज्य निर्माण के रजत जयंती मनाई। कांग्रेस जनों ने तैयार करवाए गए 25 पाउंड के केक के साथ उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस मनाया। इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने सभी प्रदेशवासियों को उत्तराखंड राज्य निर्माण की 25वीं वर्षगांठ पर हार्दिक शुभकामनाएं दी।
उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि आज जब पूरा प्रदेश राज्य स्थापना की रजत जयंती मना रहा है तब हम सभी को मिलकर एक आत्मनिर्भर विकसित व खुशहाल उत्तराखंड प्रदेश बनाने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह उपयुक्त समय है जब हम सब थोड़ा पीछे मुड़कर इस बात का भी आकलन करें कि बीते 25 सालों में हम शहीदों के सपनों का उत्तराखंड क्या बना पाए हैं।
उन्होंने कांग्रेस सरकार के 10 वर्षों की उपलब्धियों पर कहा कि कांग्रेस ने सरकार में रहते हुए प्रदेश में एक मजबूत आधारशिला रखते हुए आर्थिक स्वरूप, औद्योगिक विकास, मजबूत भू कानून,गैरसैंण मे अवस्थापना विकास, उच्च शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में ऐतिहासिक काम किये।
वहीं भाजपा ने 15 सालों के शासन काल में प्रदेश को नौ मुख्यमंत्री दिए। माहरा ने कहा कि कांग्रेस राज्य की खुशहाली के लिए हमेशा काम करती रही है और भविष्य में भी सत्ता में आने पर पार्टी उत्तराखंड की जनता के लिए प्रतिबद्धता के साथ काम करेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित