धार , मई 25 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के धार दौरे के बाद कांग्रेस ने उनकी घोषणाओं को अधूरा बताते हुए कई सवाल उठाए हैं। कांग्रेस ने 'सरस्वती लोक' और 'राजा भोज संग्रहालय' की घोषणा का स्वागत करते हुए कहा कि इनके लिए राशि और स्थान स्पष्ट नहीं किया गया।
जिला कांग्रेस प्रवक्ता अजयसिंह ठाकुर ने कहा कि मोतीबाग चौक पर आयोजित सभा में मुख्यमंत्री ने धार के ऐतिहासिक महत्व को देखते हुए 'सरस्वती लोक' और 'राजा भोज संग्रहालय' बनाए जाने की घोषणा की, लेकिन यह नहीं बताया गया कि इसके लिए कितनी राशि स्वीकृत हुई है और निर्माण कहां किया जाएगा।
नेता प्रतिपक्ष प्रतिनिधि अजय डॉ मनोहर सिंह ठाकुर ने वीडियो जारी कर मुख्यमंत्री की घोषणाओं का स्वागत करने के साथ प्रशासन पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि घोषणाओं की वास्तविक स्थिति जनता के सामने स्पष्ट की जानी चाहिए।
कांग्रेस नेताओं ने 'जल गंगा संवर्धन अभियान' के अंतर्गत धार नगरपालिका द्वारा 64 बावड़ियों के संरक्षण और साफ-सफाई के दावे को भी भ्रामक बताया। अजयसिंह ठाकुर ने नगरपालिका के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि वास्तविकता में सीमित स्थानों पर ही सफाई और श्रमदान किया गया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि 18 मई, 23 मई, 24 मई और 25 मई को केवल देवी सागर तालाब पर ही श्रमदान किया गया, जबकि गढ़ार बावड़ी, झिरनिया बावड़ी, मुनीमजी की बावड़ी और मूंज सागर तालाब पर केवल एक-एक बार सफाई की कार्रवाई हुई।
कांग्रेस प्रवक्ता ने मुख्यमंत्री से मांग की कि उन्हें गलत जानकारी देने वाले अधिकारियों की जांच कराई जाए तथा उन सभी 64 बावड़ियों की सूची सार्वजनिक की जाए, जहां वास्तव में संरक्षण कार्य हुआ है।
उन्होंने कहा कि यदि नगरपालिका मुख्यमंत्री जैसी उच्च स्तर की अथॉरिटी को भ्रामक जानकारी दे सकती है, तो आम जनता के साथ क्या स्थिति होती होगी, इसका सहज अनुमान लगाया जा सकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित