पटना , जनवरी 30 -- बिहार कांग्रेस ने शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 79वीं पुण्यतिथि शहीद दिवस के रूप में मनाई।

बिहार कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम की अध्यक्षता में प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में श्रद्धा और सम्मान के साथ राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 79वीं पुण्यतिथि मनाई गई। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम सहित कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने बापू की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर श्री राम ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का जीवन सत्य, अहिंसा और न्याय के मूल्यों का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि गांधी जी ने देश को स्वतंत्रता दिलाने के साथ-साथ सामाजिक समरसता, समानता और मानवता का संदेश दिया, जो आज भी देश और समाज के लिए प्रासंगिक है। उन्होंने कहा कि गांधी की हत्या करने वाली विचारधारा आज गांधी के विचारों की हत्या पर आमदा है। सत्य और अहिंसा के उनके रास्ते ने देश को वैश्विक पहचान दी।

प्रदेश अध्यक्ष श्री राम ने कहा कि वर्तमान समय में जब देश में नफरत, हिंसा और असहिष्णुता बढ़ रही है, तब गांधी जी के विचारों को अपनाना और उनके रास्ते पर चलना पहले से कहीं अधिक आवश्यक हो गया है। कांग्रेस पार्टी हमेशा गांधी जी के सिद्धांतों पर चलते हुए लोकतंत्र, संविधान और सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए संघर्ष करती रहेगी।

इस अवसर पर पूर्व विधायक डा. शकील अहमद खां, विधायक सुरेन्द्र कुशवाहा, पूर्व मंत्री कृपानाथ पाठक, श्याम सुन्दर सिंह धीरज, नरेन्द्र कुमार, अनुशासन समिति के अध्यक्ष कपिलदेव प्रसाद यादव, मीडिया चेयरमैन राजेश राठौड़, ब्रजेश प्रसाद मुनन, सहित अन्य कांग्रेसजनों ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित