देहरादून , जनवरी 27 -- उत्तराखंड में घनसाली से विधायक रह चुके कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बलवीर सिंह नेगी के निधन पर मंगलवार को देहरादून स्थित प्रदेश कार्यालय में आयोजित बैठक में उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।

कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री राजेन्द्र सिंह भंडारी ने बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि श्री नेगी के निधन से कांग्रेस पार्टी संगठन एवं राज्य की अपूरणीय क्षति हुई है। उनका असमय चले जाना हम सबके लिए असीमित दुःख का विषय है। इस दौरान, प्रदेश अध्यक्ष कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के संदेश को पढ़कर सुनाया गया । जिसमें उन्होंने श्री नेगी के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक प्रकट करते हुए कहा वह पार्टी के एक कर्मठ, निष्ठावान एवं वरिष्ठ नेता थे जिनका आकस्मिक निधन कांग्रेस पार्टी की अपूर्णीय क्षति है। उन्होंने कहा कि उनका पूरा जीवन क्षेत्रीय जनता के विकास के लिए समर्पित रहा है। विधायक के रूप में घनसाली क्षेत्र के विकास के लिए किये गये उनके प्रयासों को कभी भुलाया नहीं जा सकता है।

शोक बैठक में महामंत्री राजेन्द्र शाह, प्रदेश प्रवक्ता डॉ0 प्रतिमा सिंह, शीशपाल सिंह बिष्ट, टीका राम पाण्डेय, अमेन्द्र सिंह बिष्ट, मनीष गौनियाल, अनुराधा तिवारी, सावित्री थापा, सुलेमान अली, आदि अनेक कांग्रेसजन उपस्थित थे।

श्री नेगी का सोमवार को 77 वर्ष की आयु में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। उन्होंने देहरादून स्थित कैलाश अस्पताल में उपचार के दौरान अंतिम सांस ली।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित