कोलकाता , अप्रैल 18 -- पश्चिम बंगाल में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शुभंकर सरकार ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) दोनों पर राज्य की राजनीति में एक 'झूठा नैरेटिव' गढ़ने का आरोप लगाते हुए विचारधारा की लड़ाई लड़ने का संकल्प लिया।
श्री सरकार ने प्रेस क्लब में आयोजित 'मीट द प्रेस' कार्यक्रम में कहा कि भाजपा और टीएमसी जानबूझकर सीधे टकराव का एक नैरेटिव गढ़ रहे हैं ताकि लोगों का ध्यान असली जन मुद्दों से भटकाया जा सके।
उन्होंने आरोप लगाया, "भाजपा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की सीधी छात्रा है, जबकि टीएमसी ने उससे दूरस्थ शिक्षा का कोर्स किया है। दोनों के बीच शायद ही कोई अंतर है।"कांग्रेस नेता ने जोर देकर कहा कि उनकी पार्टी राज्य की सभी 294 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ रही है। उन्होंने पश्चिम बंगाल में सरकार बनाने को लेकर भी विश्वास जताया।
उन्होंने कहा, "यह विचारधारा की लड़ाई है। हम सिर्फ चुनाव जीतने के लिए नहीं लड़ रहे हैं बल्कि एक वैचारिक ढांचा फिर से स्थापित करने के लिए लड़ रहे हैं। अगर लोग हमारी विचारधारा में विश्वास करते हैं, तो वे हमारा समर्थन करेंगे।"श्री सरकार ने दोनों पार्टियों की आलोचना करते हुए कहा कि वे प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) जैसी केंद्रीय एजेंसियों पर तो ध्यान दे रही हैं लेकिन बेरोजगारी, महिलाओं की सुरक्षा और ग्रामीण रोजगार जैसे अहम मुद्दों को नजरंदाज कर रही हैं।
उन्होंने महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस ने ही 100 दिन के काम का कार्यक्रम शुरू किया था, जो पिछले तीन सालों से बंगाल में रुका हुआ है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित