भीलवाड़ा , मई 13 -- राजस्थान में भीलवाड़ा की जिला कांग्रेस समिति (देहात) नीट 2026 पेपर लीक मामले को लेकर बुधवार को यहां उग्र प्रदर्शन किया।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट के बाहर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के पुतले का दहन किया और मामले की निष्पक्ष न्यायिक जांच की मांग उठाई।

जिला कांग्रेस समिति के महेश सोनी ने पत्रकारों से कहा कि नीट जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा का पेपर लीक होना देश के करीब 23 लाख युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) के अध्यक्ष की इस्तीफे की मांग की।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जब तक दोषियों को सजा नहीं मिल जाती और उच्च स्तरीय जांच पूरी नहीं होती, तब तक कांग्रेस का यह आंदोलन सड़क से लेकर सदन तक जारी रहेगा। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार में भ्रष्टाचार का तांडव मचा हुआ है और आम जनता के साथ-साथ छात्र-छात्राओं का शोषण किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित