चेन्नई , जून 07 -- कांग्रेस के पूर्व वित्त मंत्री और दिग्गज नेता पी. चिदंबरम ने द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के विपक्षी दलों के गठबंधन इंडिया से बाहर रहने के फैसले पर कहा कि पार्टी ने उससे रिश्ते नहीं तोड़े हैं, भले ही वह मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय की 'तमिलगा वेट्री कझगम' (टीवीके) सरकार में शामिल हो गई है।

लेकिन दिलचस्प बात यह है कि कांग्रेस ने अगले लोकसभा चुनाव के लिए टीवीके के साथ गठबंधन पक्का कर लिया है, जबकि द्रमुक इस राष्ट्रीय पार्टी को 'पीठ में छुरा घोंपने वाला' बता रही है और भविष्य में उसके साथ कोई भी संबंध न रखने की कसम खा चुकी है।

उन्होंने एक टीवी चैनल को दिए इंटरव्यू में कहा, "हमने गठबंधन नहीं तोड़ा है। इसे इतनी आसानी से खारिज नहीं किया जा सकता। द्रमुक के दिवंगत नेता एम करुणानिधि की जयंती पर राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष दोनों ने श्रद्धांजलि दी है और द्रमुक प्रमुख एमके स्टालिन को भी संदेश भेजा गया है।"उन्होंने कांग्रेस के टीवीके सरकार में शामिल होने का बचाव करते हुए कहा, "यह उस समय की परिस्थितियों के कारण हुआ। हमने वही किया जो अन्य सहयोगियों ने दो-तीन दिन बाद किया। टीवीके के साथ जाने से पहले हमने भी द्रमुक को सूचित किया था।" उन्होंने इस आरोप को खारिज किया कि कांग्रेस ने द्रमुक को धन्यवाद देने की औपचारिकता निभाए बिना ही पाला बदल लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित