बेंगलुरु , जून 09 -- कर्नाटक भाजपा अध्यक्ष विजयेंद्र येदियुरप्पा ने मंगलवार को कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुये उस पर पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी. देवेगौड़ा के लिए "मगरमच्छ के आंसू" बहाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जबकि कथित तौर पर कांग्रेस ने उनके पूरे राजनीतिक करियर के दौरान उनके खिलाफ काम किया है।

श्री विजयेंद्र ने कर्नाटक कांग्रेस प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला और केपीसीसी अध्यक्ष बी.के. हरिप्रसाद पर निशाना साधते हुये कहा कि कांग्रेस नेताओं को श्री देवेगौड़ा के प्रति चिंता व्यक्त करने की कोई आवश्यकता नहीं है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस ने श्री देवेगौड़ा को प्रधानमंत्री पद से हटाने में मुख्य भूमिका निभायी थी और उनकी पार्टी को कमजोर और विभाजित करने का बार-बार प्रयास किया था।

उन्होंने एक बयान में कहा, "कांग्रेस नेता शायद यह भूल गये हैं कि श्री देवेगौड़ा एक गौरवशाली कन्नड़ भाषी थे और प्रधानमंत्री के रूप में उनका कद बहुत बड़ा था, लेकिन उन्हें देश के इस सर्वोच्च पद से नीचे उतारने का कलंक कांग्रेस के ही सिर है।"श्री विजयेंद्र ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने श्री देवेगौड़ा के पूरे राजनीतिक सफर में उन्हें "परेशान" किया और उनकी पार्टी को तोड़ने की कोशिश की। अब कांग्रेस इस दिग्गज नेता के प्रति बनावटी चिंता दिखा रही है। उन्होंने कहा, "ऐसी बनावटी सहानुभूति राजनीतिक पाखंड के अलावा और कुछ नहीं है।"जद(एस) के साथ भाजपा के संबंधों का बचाव करते हुये श्री विजयेंद्र ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने हमेशा श्री देवेगौड़ा को सर्वोच्च सम्मान दिया है। उन्होंने उल्लेख किया कि जद(एस) देवेगौड़ा के नेतृत्व में राजग में शामिल हुई, क्योंकि उनका यह दृढ़ विश्वास था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत की एकता की रक्षा करने और इसके विकास को गति देने के लिये सबसे उपयुक्त व्यक्ति हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित