नयी दिल्ली , अगस्त 11 -- दिल्ली प्रदेश कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर 22 हजार करोड़ रुपये के कथित चावल घोटाले का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा ने भ्रष्टाचार का नया आयाम हासिल कर लिया है।
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा कि अपराध की राजधानी बनाने के बाद भाजपा ने दिल्ली को भ्रष्टाचार की राजधानी भी बना दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) ने दिल्ली सरकार के नागरिक आपूर्ति विभाग की सिफारिश पर सार्वजनिक वितरण के लिए चावल 23 रुपये प्रति किलो की दर से असम निगम को भेजा, लेकिन इसे गरीबों तक पहुंचाने के बजाय हरियाणा की एक निजी कंपनी को भारी मुनाफे पर बेचने की योजना बनायी गयी।
उन्होंने दावा किया कि केंद्रीय सतर्कता विभाग ने मामले का पता लगाया, जिसके बाद सरकार ने संबंधित मंत्री के बजाय एक अधिकारी को निलंबित कर मामले को दबाने की कोशिश की। कांग्रेस नेता ने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में 650 करोड़ रुपये के कथित खरीद घोटाले और 90 करोड़ रुपये की साइकिल खरीद में 36 करोड़ रुपये की कथित अनियमितता के बाद चावल घोटाला भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार का नया उदाहरण है।
श्री यादव ने कहा कि सरकार सड़क, सीवर, पानी, अस्पताल और स्कूल जैसी बुनियादी सुविधाओं पर ध्यान देने के बजाय जनता के पैसे की लूट में जुटी है। उन्होंने जलभराव, पानी की व्यवस्था और महिलाओं को 2500 रुपये मासिक देने के वादे पूरे न होने का भी आरोप लगाया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित