जयपुर , जुलाई 23 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा है कि वर्षों तक सत्ता में रहने के बावजूद कांग्रेस ने तुष्टिकरण और भ्रष्टाचार की राजनीति के अलावा देश को कुछ नहीं दिया।
श्री शर्मा ने गुरुवार को यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से संत गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में समरसता संकल्प अभियान की प्रदेश कार्यशाला को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि भाजपा समाज को जोड़ने की राजनीति करती है जबकि कांग्रेस ने हमेशा समाज को विभाजित करने का प्रयास किया। देश की जनता विकास, सुशासन और गरीब कल्याण की राजनीति को स्वीकार कर रही है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है। श्री मोदी के नेतृत्व वाली डबल इंजन सरकार के कारण राजस्थान में विकास कार्यों को नयी गति मिली है। प्रदेश में सड़क, पानी, बिजली, रोजगार और सिंचाई के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य किये जा रहे हैं।
उन्होंने भारत को अपनी महान संस्कृति, विरासत, संत परंपरा और ऋषि-मुनियों के आदर्शों का अनुसरण करने वाला राष्ट्र बताते हुए कहा है भारत माता के प्रति समर्पण भाव से संतों, मुनियों और महंतों ने समाज को नयी दिशा प्रदान की है। उन्होंने संत गुरु रविदास महाराज के विचार सदियों तक समाज का मार्गदर्शन करते रहेंगे। संत रविदास ने अपने जीवन और वाणी के माध्यम से यह संदेश दिया कि व्यक्ति की पहचान उसकी जाति से नहीं, बल्कि उसके कर्म से होती है। निस्वार्थ भाव से किया गया कर्म ही व्यक्ति को सम्मान दिलाता है और समाज में उसकी वास्तविक पहचान स्थापित करता है।
श्री शर्मा ने कहा कि संत गुरु रविदास ने सामाजिक समरसता, समानता और भाईचारे का संदेश देकर समाज को एक नयी दिशा दी। उनका मानना था कि जन्म से कोई व्यक्ति छोटा या बड़ा नहीं होता, बल्कि उसके कर्म ही उसे महान बनाते हैं। उन्होंने कहा कि संत रविदास के विचार आज भी सामाजिक समरसता स्थापित करने के लिए प्रेरणा स्रोत हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित