रायपुर , अप्रैल 09 -- कांग्रेस ने असम, केरल और पांडिचेरी में हुए विधानसभा चुनाव के मतदान के बाद तीनों राज्यों में अपनी सरकार बनने का दावा किया है।

पार्टी के अनुसार जनता का रुझान कांग्रेस के पक्ष में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।

छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने जारी एक बयान में कहा कि असम, केरल और पांडिचेरी में कांग्रेस के पक्ष में माहौल बना हुआ है। उन्होंने कहा कि इन राज्यों की जनता ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं के अहंकार का जवाब देने का मन पहले ही बना लिया था और मतदान में यह झलक भी दिखाई दी है। श्री बैज ने विश्वास जताया कि चुनाव परिणाम भी कांग्रेस के पक्ष में ही आएंगे।

उन्होंने असम की राजनीति पर टिप्पणी करते हुए कहा कि वहां के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्वा सरमा और उनके परिवार के खिलाफ भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप सामने आए हैं। उनके अनुसार असम की जनता कथित तौर पर उग्र भाषणों, धनबल और प्रशासनिक दबाव से परेशान हो चुकी है और अब बदलाव चाहती है। उन्होंने कहा कि सत्ता परिवर्तन के लिए जनता का समर्थन कांग्रेस को मिल रहा है।

श्री बैज ने यह भी आरोप लगाया कि केंद्र सरकार और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रयासों के बावजूद असम में बदलाव को रोका नहीं जा सकेगा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और संविधान के खिलाफ काम करने वाली ताकतों को हटाने के लिए जनता ने कांग्रेस के पक्ष में मतदान किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित