भोपाल , जुलाई 21 -- मध्यप्रदेश विधानसभा में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) विधेयक पारित होने पर भारतीय जनता पार्टी के विधायक रामेश्वर शर्मा ने प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए इसे ऐतिहासिक निर्णय बताया और कहा कि यह सामाजिक समानता तथा न्याय की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
श्री शर्मा ने मंगलवार को जारी बयान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश ने समान नागरिक संहिता लागू करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है।
उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले कांग्रेस ने जिन्ना के सामने घुटने टेके थे और अब दो मुस्लिम विधायकों के सामने घुटने टेक दिए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपने रुख से यह स्पष्ट कर दिया है कि वह हिंदू समाज के साथ नहीं है।
भाजपा विधायक ने कहा कि समान नागरिक संहिता का विरोध कांग्रेस के लिए राजनीतिक रूप से भारी पड़ेगा और यह उसके "ताबूत में आखिरी कील" साबित होगा। श्री शर्मा ने जनसंख्या नियंत्रण का मुद्दा उठाते हुए कहा कि यह आज पूरे देश की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि जनसंख्या पर प्रभावी नियंत्रण समय की मांग है और इस दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाने चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित