रायपुर , मार्च 23 -- छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस ने महासमुंद जिले के बागबाहरा विकासखंड स्थित खल्लारी माता मंदिर में रोप-वे के केबल तार टूटने से हुए हादसे की जांच के लिए छह सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अनुसार प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने घटना को गंभीरता से लेते हुए क्षेत्रीय विधायक और जिला कांग्रेस अध्यक्ष द्वारिकाधीश यादव के नेतृत्व में जांच समिति का गठन किया है। समिति में विधायक चातुरी नंद, पूर्व प्रभारी महामंत्री अमरजीत चावला, पूर्व विधायक विनोद चंद्राकर, पूर्व जिला अध्यक्ष रश्मि चंद्राकर और प्रदेश कांग्रेस ओबीसी विभाग के अध्यक्ष केशव चंद्राकर को सदस्य बनाया गया है।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा आज जारी पत्र के अनुसार समिति के सदस्यों को निर्देश दिया गया है कि वे जल्द से जल्द प्रभावित क्षेत्र का दौरा करें। समिति पीड़ित परिवारों, स्थानीय ग्रामीणों और मंदिर ट्रस्ट के जिम्मेदार पदाधिकारियों से मुलाकात कर घटना की पूरी जानकारी जुटाएगी। इसके बाद हादसे की वस्तुस्थिति पर आधारित विस्तृत प्रतिवेदन प्रदेश कांग्रेस कमेटी को सौंपा जाएगा।

उल्लेखनीय है कि रविवार को खल्लारी माता मंदिर में स्थापित रोप-वे का केबल तार टूटने से श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई थी। हादसे में एक महिला श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए थे।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने जांच समिति से अपेक्षा की है कि वह घटना के सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच कर जल्द रिपोर्ट प्रस्तुत करे, ताकि हादसे के कारणों का पता चल सके और भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा सकें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित