भिवानी , मई 30 -- हरियाणा में भिवानी जिला कांग्रेस के अध्यक्ष अनिरुद्ध चौधरी ने पंडित नेकीराम शर्मा मेडिकल कॉलेज में कथित अनियमितताओं और सरकारी धन की बर्बादी को लेकर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है और इस मामले की जांच की मांग की है।
श्री चौधरी ने शनिवार को आरोप लगाया कि मेडिकल कॉलेज की इमारत बने करीब दो वर्ष हो चुके हैं, लेकिन करोड़ों रुपये की लागत से खरीदी गई कई अत्याधुनिक मशीनें अब तक उपयोग में नहीं लाई गयी हैं। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन थिएटर, जनरल वार्ड, प्रयोगशालाएं, एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड और आईसीयू जैसी महत्वपूर्ण सुविधाएं पूरी तरह शुरू नहीं हो पाई हैं, जिससे मरीजों को अपेक्षित लाभ नहीं मिल रहा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मशीनों के उपयोग में न होने के बावजूद कंपनियों को रखरखाव के नाम पर भुगतान किया जा रहा है, जिससे सरकारी धन की बर्बादी हो रही है।
उन्होंने चौधरी बंसीलाल नागरिक अस्पताल के मुख्य द्वार बंद होने पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इससे मरीजों और तीमारदारों को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। चौधरी ने दोनों गेट तत्काल खोलने की मांग की।
कांग्रेस नेता ने मेडिकल कॉलेज और अस्पताल से जुड़े मामलों की उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच कराने, जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई करने तथा सभी स्वास्थ्य सेवाएं शीघ्र शुरू करने की मांग की। साथ ही उन्होंने अस्पताल की ओपीडी व्यवस्था में बदलाव को पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी बंसीलाल के सम्मान से जुड़ा मुद्दा बताया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित