भुवनेश्वर , सितंबर 13 -- कांग्रेस की ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भक्त चरण दास ने रविवार को राज्य की भाजपा सरकार पर निवेश और रोजगार के नाम पर जनता को "गुमराह" करने का आरोप लगाया है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि ओडिशा में वास्तव में निवेश करने वाली कंपनियों, कुल निवेश राशि और उनसे सृजित हुए रोजगार का वास्तविक आंकड़ा सार्वजनिक किया जाए।

श्री दास एक बयान जारी करके मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी की हालिया संयुक्त अरब अमीरात यात्रा से 2.43 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव और 6.18 लाख रोजगार मिलने के दावों पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि सरकारी घोषणाओं और धरातल पर क्रियान्वयन के बीच बहुत बड़ा अंतर है। वर्ष 2024 में मुख्यमंत्री की यूएई और सिंगापुर की पिछली विदेश यात्राओं से ओडिशा को क्या ठोस लाभ मिला, इस पर भी स्थिति स्पष्ट नहीं है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि राज्य में भाजपा के दो साल के शासन के दौरान केवल कागजी दावे किए गए हैं। उन्होंने 'उत्कर्ष ओडिशा: मेक-इन-ओडिशा कॉनक्लेव-2025' का हवाला देते हुए कहा कि 16.73 लाख करोड़ रुपये के निवेश से 593 परियोजनाएं लगाने की घोषणा की गई थी, लेकिन केवल 261 परियोजनाओं को ही मंजूरी मिली और 103 की आधारशिला रखी जा सकी।

श्री दास के अनुसार, जमीन पर केवल 30 से 50 परियोजनाओं पर ही काम शुरू हो पाया है, जिनमें 2 से 3 लाख करोड़ रुपये का निवेश शामिल है। दावा 12.90 लाख रोजगार सृजन का किया गया था, जबकि वास्तव में केवल 30,000 से 32,000 नौकरियां ही पैदा हुई हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित