जयपुर , मार्च 27 -- राजस्थान की राजधानी जयपुर में कांग्रेस ने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के नेतृत्व में शुक्रवार को केन्द्र सरकार की गलत नीतियों से देश में व्याप्त एलपीजी की कमी के कारण आमजन को हो रही परेशानी को लेकर शुक्रवार को विरोध प्रदर्शन किया।
इसे लेकर शहीद स्मारक पर आयोजित धरना एवं प्रदर्शन में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, पार्टी सचिव एवं सह प्रभारी रित्विक मकवाना, पार्टी के मध्यप्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, सचिव धीरज गुर्जर, कांग्रेस विधायक, जिलाध्यक्ष, अग्रिम संगठनों तथा विभाग एवं प्रकोष्ठों के अध्यक्ष एवं संयोजक, प्रदेश पदाधिकारी, पूर्व विधायक सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।
इस अवसर पर श्री डोटासरा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सत्ता में आने से पूर्व देश में महंगाई कम करने, भ्रष्टाचार समाप्त करने, बेरोजगारी समाप्त करने और विदेश नीति सुदृढ़ करने का वादा किया था, लेकिन आज देश किस जगह खड़ा है यह सोचने वाली बात है। उन्होंने कहा कि गैस की कमी के कारण पूरा देश परेशान है, लोग लाइनों में लगे हुए है और रसोई गैस आधारित उद्योग चलाने वाले लोग परेशान है। भारतीय जनता पार्टी के नेता केवल जुमले देते है उन्हें आम आदमी की परेशानी से कोई सरोकार नहीं है।
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री की न तो कोई विदेश नीति है न ही उन्हें किसानों की आमदनी दुगुनी करने का वादा याद है। केन्द्र सरकार केवल पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की योजना का नाम बदलने काकाम कर रही है। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार की न नीति ठीक है, न नीयत ठीक है। केन्द्र सरकार देश की योजनाओं के लिए 2047 की बात कर रही है लेकिन आने वाले तीन से चार वर्ष के संबंध में कोई विजन नहीं है।
उन्होंने कहा कियुद्ध छिड़ सकता है इसका आभास सारी दुनिया को होने के बावजूद केन्द्र सरकार में इस क्षमता के अनुरूप भी तेल और गैस का भण्डारण नहीं किया जिस कारण देश में रसोई गैस और तेल की कमी का संकट देश में हो गया है। श्री डोटासरा ने आह्वान किया कि सभी कांग्रेस कार्यकर्ता एवं नेता इस संकट में आम आदमी की तकलीफों को दूर करने के लिए उनके बीच जायें, जहां गैस अथवा पेट्रोल-डीजल की कालाबजारी होते हुए दिखे, वहीं कांग्रेस कार्यकर्ता धरने पर बैठ जाये और आमजनता को कोई परेशानी नहीं हो इसका ध्यान रखे।
इस अवसर पर श्री जूली ने कहा कि देश में एलपीजी का संकट है लेकिन सरकार इसे छुपाना चाहती है क्योंकि केन्द्र सरकार की नीतियां सही नहीं थी, पूरे प्रदेश में एलपीजी प्राप्त करने के लिए लोग गैस एजेन्सियों के बाहर लाइन लगाकर खड़े है लेकिन सरकार को यह नजर नहीं आता है। सरकार बयान दे रही है कि किसी प्रकार का संकट नहीं है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित