नयी दिल्ली , जुलाई 15 -- कांग्रेस ने बढ़ती महंगाई और अर्थव्यवस्था की स्थिति को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा है कि उसकी जनविरोधी नीतियों के कारण देश आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहा है और श्री मोदी को 12 वर्ष के शासन के बाद इसकी जवाबदेही लेनी चाहिए।

कांग्रेस संचार विभाग के प्रभारी जयराम रमेश ने बुधवार को सोशल मीडिया पोस्ट पर कहा कि पार्टी पिछले कई महीनों से सरकार को अर्थव्यवस्था की बिगड़ती स्थिति के प्रति आगाह करती रही है लेकिन सरकार ने कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया। उन्होंने दावा किया कि देश में 44 महीनों की सबसे अधिक 9.87 प्रतिशत थोक महंगाई दर्ज हुई है, ईंधन और बिजली की कीमतों में 27.4 प्रतिशत की वृद्धि हुई है तथा इस बार खेती की बुवाई तीन वर्षों के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गई है।

उन्होंने आरोप लगाया कि बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी से आम जनता परेशान है, जबकि किसान सरकार की गलत नीतियों और प्रतिकूल मौसम की दोहरी मार झेल रहे हैं। महंगाई बढ़ने से उद्योगों की लागत भी लगातार बढ़ रही है।

श्री रमेश ने कहा कि जब अर्थव्यवस्था के सभी प्रमुख संकेतक 'रेड अलर्ट' की स्थिति में हैं, तब सरकार हालात संभालने के बजाय केवल सुर्खियां बटोरने में लगी है। उन्होंने कहा कि सरकार महंगाई पर नियंत्रण करने के बजाय उसके भयावह आंकड़ों को छिपाने का प्रयास कर रही है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि थोक महंगाई के ताजा आंकड़े मोदी सरकार की आर्थिक नीतियों की विफलता का प्रमाण हैं। उन्होंने कहा कि देश महंगाई पर प्रधानमंत्री से जवाब मांग रहा है और सरकार को अपनी आर्थिक नीतियों की जवाबदेही स्वीकार करनी चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित