जयपुर , अक्टूबर 15 -- राजस्थान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा है कि लोकतंत्र का रक्षक बताने वाली कांग्रेस ऑल इंडिया स्टूडेन्ट्स एसोसिएशन (आइसा) की अध्यक्ष नेहा बोरा जैसे लोगों के साथ खड़ी होकर देश के लिए हिंसक मॉडल चुन रही है।
श्री राठौड़ ने गुरुवार को अपने बयान में कांग्रेस पर यह आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से विकास और प्रगति के पथ एवं देश विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है। देश की बढ़ती वैश्विक शक्ति और मजबूत होती प्रतिष्ठा से कुछ विदेशी ताकतें चिंतित हैं। ऐसी ताकतें भारत की विकास यात्रा को बाधित करने और देश को कमजोर करने के प्रयास कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि देश में अस्थिरता पैदा करने के उद्देश्य से विदेशी फंडिंग के माध्यम से कुछ लोगों और समूहों को सक्रिय किया जा रहा है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी और उनके साथ सक्रिय कुछ अन्य लोगों की भूमिका को लेकर भी गंभीर सवाल उठने लगे हैं। राजनीतिक विरोध के नाम पर ऐसे प्रयास किए जा रहे हैं, जिनसे देश की एकता, स्थिरता और विकास की गति प्रभावित हो सकती है।
उन्होंने कहा कि कहा कि आश्चर्य की बात है कि लोकतंत्र बचाने का ढोंग करने वाले श्री गांधी और श्रीमती वाड्रा और सुश्री बोरा जैसे लोगों के साथ प्रदर्शन कर रहे हैं, जो बंगलादेशी आंदोलन को 'रास्ता दिखाने वाला' बताते हैं।
श्री राठौड़ ने कहा कि खुद को लोकतंत्र का रक्षक बताने वाली कांग्रेस, सुश्री बोरा के साथ खड़ी होकर भारत के लिए हिंसक मॉडल क्यों चुन रही है, यह समझ से परे है। देश में चल रहे षडयंत्र को देशवासी देख रहे है और समझ रहे है। भारत की विकास यात्रा को रोकने के किसी भी प्रयास को सफल नहीं होने दिया जाएगा। श्री मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत के लक्ष्य की ओर निरंतर आगे बढ़ता रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित