गांधीनगर , फरवरी 15 -- केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा है कि कांग्रेस नेतृत्व हमेशा झूठ बोलकर जनता को गुमराह करता रहा है और मोदी सरकार ने 27 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर लाने का काम किया है।

श्री शाह ने रविवार को यहां कहा " कांग्रेस नेतृत्व हमेशा झूठ बोलकर जनता को गुमराह करता रहा है। मुझे तो हंसी आती है कि इस देश की संसद में कांग्रेस के शहजादे राहुल गांधी किसानों की बात करते हैं। मैं आज उनको कहना चाहता हूं कि आपने किसानों का कितना अनाज खरीदा था। हमने आपसे 15 गुना ज्यादा अनाज एमएसपी पर किसानों से खरीदने का काम किया है। आप के समय में किसानों का बजट मात्र 26 हजार करोड़ रूपए था जिसे बढ़ाकर एक लाख 29 हज़ार करोड़ रूपए मोदी जी ने कर दिया है। "उन्होंने कहा " जब कांग्रेस की सरकार थी तब 500 गांव में ही कनेक्टिविटी पहुंची थी। आज एक लाख सात हजार गांवों में कनेक्टिविटी पहुंच गई है। प्रधानमंत्री मोदी ने देश के 80 करोड़ लोगों को प्रति व्यक्ति प्रति माह पांच किलो मुफ्त अनाज देने का काम किया है। यह खाद्य सुरक्षा अब पारदर्शी हो गई है। कांग्रेस रोजगार की बात करती थी। लेकिन देश के एक करोड़ नौ लाख रेहड़ी-पटरी वालों को स्वनिधि योजना का फायदा श्री मोदी जी ने पहुंचाया है। ठोस नीतियों से 10 वर्ष में 60 करोड़ से अधिक लोगों के जीवनस्तर को ऊपर उठाने और 27 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर लाने का काम भी मोदी सरकार ने किया है। आज अन्न वितरण और अन्न सुरक्षा के क्षेत्र में भ्रष्टाचार और अपारदर्शिता को समाप्त करने का काम हुआ है। इससे हर गरीब नागरिक को अनाज प्राप्त करने के अधिकार की सुरक्षा होगी औऱ बिचौलियों के लिए कोई जगह नहीं बचेगी।"श्री शाह ने कहा कि कांग्रेस ने गरीबी हटाओ की बात तो जरूर की थी मगर गरीबी हटाने के लिए कोई ठोस काम नहीं किया। श्री मोदी ने घर, बिजली, गैस , अनाज, पांच लाख का इंश्योरेंस, पीने का पानी ये सारी चीजें देकर गरीबों के जीवनस्तर को ऊपर उठाया। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार ने 70 साल में सिर्फ एक बार कर्ज़ माफी से किसानों को गुमराह करने का काम किया जबकि श्री मोदी 10 साल से हर किसान के बैंक खाते में छह हज़ार रुपए हर साल भेजकर ऐसी व्यवस्था कर रहे हैं कि किसान को कर्ज लेना ही न पड़े।

उन्होंने कहा कि यूरोपीय संघ और इंग्लैंड के साथ हुए मुक्त व्यापार समझौते और अमेरिका के साथ व्यापार समझौते पर विपक्ष देश को गुमराह कर रहा है। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार ने डंकल प्रस्ताव पर साइन कर किसानों को असुरक्षित किया था। उन्होंने कहा कि यूरोपीय संघ और इंग्लैंड के साथ हुए मुक्त व्यापार समझौते और अमेरिका के साथ हुए समझौते के माध्यम से केन्द्र की मोदी सरकार ने देश के किसानों के हितों को पूरी तरह सुरक्षित करने का काम किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित