हैदराबाद , अप्रैल 29 -- कांग्रेस सचिव संपत कुमार ने भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) नेताओं के.टी. रामा राव और टी. हरीश राव के साथ-साथ कुछ मीडिया संस्थानों के खिलाफ मानहानि का मामला दर्ज कराया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि उनके और उनकी पार्टी के खिलाफ झूठा प्रचार किया जा रहा है।
यह याचिका जनप्रतिनिधियों के लिए बनी नामपल्ली विशेष मजिस्ट्रेट अदालत में दायर की गयी है। श्री कुमार ने आरोप लगाया कि उन्हें बदनाम करने के लिए मनगढ़ंत कहानियां फैलाई गयीं, जिनमें यह दावा भी शामिल है कि उन्होंने एक ठेकेदार से आठ करोड़ रुपये की मांग की थी। उन्होंने कहा कि ये आरोप निराधार हैं और उनकी छवि खराब करने का एक जानबूझकर किया गया प्रयास है। उन्होंने मामले में नामित लोगों पर गलत सूचना फैलाने और तथ्यों को तोड़ने-मरोड़ने का भी आरोप लगाया।
श्री कुमार ने कहा कि ऐसे मुद्दों के समाधान के लिए एक उचित कानूनी प्रक्रिया है और उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उन्हें न्याय मिलेगा। उन्होंने राजनीतिक विरोधियों को 'गैर-जिम्मेदाराना राजनीति' करने के प्रति चेतावनी दी और उनसे झूठे आरोप लगाने से बचने का आग्रह किया। कांग्रेस नेता ने दावा किया कि अतीत में उन्हें पार्टी बदलने के लिए प्रलोभन देने की कोशिशें की गयीं थी, जिन्हें उन्होंने ठुकरा दिया था। उन्होंने कांग्रेसकी विचारधारा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित